अंबेडकरनगर। बसखारी थाना क्षेत्र के पटना मुबारकपुर के पास शनिवार को दिनदहाड़े सराफा कारोबारी से करीब 10 लाख रुपये के आभूषण लूट की घटना का मामला झूठा निकला। जांच में सामने आया कि कर्ज में डूबे कारोबारी ने खुद ही लूट की कहानी गढ़ी थी। पुलिस के अनुसार सराफा कारोबारी रोहित शर्मा ने अपने साथी साहित्य कुमार तिवारी के साथ मिलकर आभूषण हड़पने की योजना बनाई थी। दोनों ने लूट की झूठी सूचना देकर पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया। मामले की जांच के दौरान पुलिस को संदेह हुआ, जिसके बाद कड़ाई से पूछताछ की गई। पूछताछ में दोनों ने साजिश का खुलासा कर दिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से 73.24 ग्राम सोने के आभूषण भी बरामद कर लिए हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। (भारतअलर्ट18

)





