अयोध्या। मधुमेह के उपचार, नियंत्रण और शोध के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए अयोध्या के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. वीरेंद्र वर्मा को प्रतिष्ठित राष्ट्रीय सम्मान से नवाजा जाएगा। देश की प्रमुख मधुमेह चिकित्सा संस्था रिसर्च सोसाइटी फॉर द स्टडी ऑफ डायबिटीज इन इंडिया की ओर से उन्हें वर्ष 2026 की फेलोशिप प्रदान करने की घोषणा की गई है। यह डॉ. वर्मा के चिकित्सकीय करियर की छठी फेलोशिप है।
डॉ. वीरेंद्र वर्मा को यह सम्मान मधुमेह चिकित्सा के क्षेत्र में लंबे समय से किए जा रहे कार्य, शोध और मरीजों के उपचार में योगदान के लिए दिया जा रहा है। यह फेलोशिप मधुमेह चिकित्सा के क्षेत्र में देश के प्रतिष्ठित राष्ट्रीय सम्मानों में शामिल है।
फेलोशिप 19 से 22 नवंबर तक बेंगलुरु में आयोजित होने वाले 54वें वार्षिक राष्ट्रीय सम्मेलन के उद्घाटन समारोह में प्रदान की जाएगी। कार्यक्रम अल्डोविया रिसॉर्ट एंड कन्वेंशन सेंटर में होगा। संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अनुज माहेश्वरी, निर्वाचित अध्यक्ष डॉ. सुनील गुप्ता, पूर्व अध्यक्ष डॉ. विजय विश्वनाथन और महासचिव डॉ. राकेश पारिख ने डॉ. वर्मा को इस उपलब्धि पर बधाई दी है।





