अयोध्या। नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय ने मंगलवार की दोपहर शहर के बेनीगंज, महताब बाग में जाकर जच्चा-बच्चा की मौत मामले में शोक संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने पीड़ित परिजनों से मुलाकात करके हर संभव मदद का भरोसा दिलाया है। साथ ही आरोपी अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
महताब बाग, बेनीगंज निवासी सुरेश यादव की पत्नी सोनी यादव (32) को 31 मार्च को शहर के मां परमेश्वरी देवी मेमोरियल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। प्रसव के बाद जच्चा-बच्चा की मौत हो गई थी। मंगलवार को सपा के वरिष्ठ नेता और नगर निगम प्रत्याशी रहे डॉक्टर आशीष पांडे दीपू के साथ नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडे पीड़ित के घर पहुंचे। इस मौके पर उपस्थित पुलिस अधिकारियों को उन्होंने मामले में कड़ी कार्रवाई का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि यह घटना अत्यंत दुखद है। इसमें संलिप्त अस्पताल संचालक पर कड़ी कार्रवाई की जाए। इसी तरह बिना मानक व डिग्री के पूरे प्रदेश में गली-गली में ऐसे अस्पताल संचालित हैं। ऐसे संचालकों और चिकित्सकों के ऊपर भी सख्त कार्यवाही की जाए। ऐसे हादसों में मृतक के परिजनों को मुआवजा दिलाया जाए। यह मामला वह विधानसभा में भी उठाएंगे।
इस मौके पर दिनेश यादव, बृजेश यादव, मनीष राय, शोएब खान,अभिनव चतुर्वेदी,अवनीश मिश्रा, बलवंत यादव, अभिषेक यादव आदि मौजूद रहे।





