अयोध्या। श्रीराम मंदिर में विराजमान रामलला की सेवा में मौसम के अनुसार बदलाव किया गया है। बढ़ती गर्मी को देखते हुए अब उनके राग-भोग और दैनिक सेवा पद्धति में परिवर्तन कर दिया गया है।मंदिर के पुजारियों के अनुसार, अयोध्या में तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंचने के बाद रामलला को ठंडक पहुंचाने के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। अब भोग में दही, ताजे फल, जूस और लस्सी शामिल की जा रही है। पहले जहां खीर, पूड़ी, रबड़ी और पेड़ा जैसे गरिष्ठ व्यंजन अर्पित किए जाते थे, वहीं अब हल्के और शीतल पदार्थों को प्राथमिकता दी जा रही है।

इसके साथ ही रामलला को गुनगुने जल के स्थान पर ठंडे पानी से स्नान कराया जा रहा है और गोटेदार सूती वस्त्र पहनाए जा रहे हैं, ताकि गर्मी से राहत मिल सके। पुजारियों ने बताया कि पूर्णिमा के बाद से दीपों की जगह फूलों से आरती की जा रही है, जिससे उन्हें गर्मी या आंच का असर न हो। मंदिर प्रशासन का कहना है कि रामलला को पांच वर्ष के बालक के रूप में पूजित किया जाता है, इसलिए उनकी सेवा-व्यवस्था भी उसी अनुरूप बदलती रहती है, ताकि हर मौसम में उन्हें अधिकतम सुविधा और आराम मिल सके।





