अयोध्या। कर्नाटक से कांग्रेस विधायक दल का एक प्रतिनिधिमंडल बुधवार को रामलला मंदिर पहुंचा, जहां सभी विधायकों ने विधिवत पूजा-अर्चना कर दर्शन किए। दर्शन के उपरांत विधायक दल का यह समूह दिल्ली के लिए रवाना हो गया। इस प्रतिनिधिमंडल में टीबी जयचंद्र, अशोक पट्टन सहित लगभग दस कांग्रेस विधायक शामिल रहे। इनके साथ कुछ निजी सहयोगी भी मौजूद थे। सूत्रों के अनुसार, सभी विधायक निजी आस्था के तहत अयोध्या पहुंचे थे। गौरतलब है कि इससे पहले इन विधायकों ने सोमवार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से मुलाकात कर मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर अपनी मांग रखी थी। इसके बाद अचानक अयोध्या दौरे ने राजनीतिक गलियारों में हलचल पैदा कर दी है। हालांकि विधायक इस यात्रा को पूरी तरह धार्मिक और व्यक्तिगत आस्था से जुड़ा बता रहे हैं, लेकिन राजनीतिक विश्लेषक इसे संगठन के भीतर चल रही गतिविधियों और संभावित असंतोष से जोड़कर भी देख रहे हैं।





